हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने सोमवार को शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, यातायात और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने तिकोनिया, नैनीताल रोड, कैनाल रोड स्थित जीएसटी भवन के आसपास, काठगोदाम तथा वार्ड संख्या 29 और 30 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम के प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा, सुशासन और समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए शहर के सभी क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण और सतत मॉनिटरिंग जारी रहेगी, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और नगर निगम आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
