नैनीताल में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष अभियान, 8 अक्टूबर से बूथों पर लगेंगे कैंप

नैनीताल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई।

अभियान के तहत 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ, संबंधित बीएजी सदस्य और बीएलए-2 वर्तमान मतदाता सूची का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान करेंगे और सूची में छूटे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी।

इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ, बीएलए-2 के सहयोग से चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल में 6.97 लाख से अधिक मतदाता

जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में जनपद नैनीताल में कुल 6,97,547 मतदाता दर्ज हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि विशेष अभियान के माध्यम से सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।