
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64.80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई हल्द्वानी मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान की।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश), उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 392/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के किसी व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के एक मामले में जेल जाना भी सामने आया है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मंडी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी टीपी नगर उपनिरीक्षक मनोज कुमार तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेठा और कांस्टेबल भानु ओली शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

