
हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में हल्द्वानी की होनहार खिलाड़ी भार्गवी रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रस अल खैमाह में 11 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित मॉडर्न पेंटाथलॉन एशियन चैंपियनशिप में भार्गवी ने दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने गई भारतीय टीम में उत्तराखंड के 13 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसी टीम का हिस्सा रहीं भार्गवी रावत ने मॉडर्न पेंटाथलॉन की लेजर रन, ट्रायथले और बायथले प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल हैं।
भार्गवी रावत वर्तमान में गोविंदपुरम, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी की निवासी हैं। वह वुडलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में कक्षा 10 की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी उनकी इस शानदार उपलब्धि ने हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भार्गवी की इस सफलता को उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

