
हल्द्वानी। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के गोला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने सुबह करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक के पैर का पंजा भी शरीर से अलग हो गया।
जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या UK 06 BK 0927 का चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए बाइक मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में की है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
गौरतलब है कि गोला बाईपास रोड पर पिछले दिन भी सड़क हादसा हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच भी इस मार्ग पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता बनी हुई है।

