
हल्द्वानी। बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में गोला बाईपास रोड स्थित गोला पार्किंग के सामने रविवार सुबह कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में छह और 13 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार 15 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे कार संख्या UK 04 K 3159 और ई-रिक्शा संख्या UK 04 TB 5536 गोला पुल से नीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोला पार्किंग के सामने दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में सवार चालक समेत चारों लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। ई-रिक्शा में चालक पूरन जोशी (26) पुत्र गंगादत्त जोशी निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार, विद्या पलड़िया (58) पत्नी गंगादत्त पलड़िया निवासी अमृतपुर तथा भावेश (13) और वेद (6) पुत्र जगदीश चंद्र निवासी पूर्वी खेड़ा, गौलापार सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

