उत्तराखण्ड पुलिस के दो सितारों को मिला सम्मान, डॉ. जगदीश चन्द्र को राष्ट्रपति पदक तो हरबन्स सिंह को गोल्ड मेडल

नैनीताल/देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस के दो अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यकुशलता एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. जगदीश चन्द्र (IPS) को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया, जबकि एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोल्ड मेडल से अलंकृत किया गया।

शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस के राष्ट्रपति पुलिस निशान अलंकरण समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. जगदीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, नैनीताल को सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वहीं, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल निवेदिता कुकरेती ने एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह को उत्कृष्ट कार्यों एवं प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

हरबन्स सिंह द्वारा रुद्रप्रयाग के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई थी। गुरुद्वारे में सिख समुदाय के कुछ लोगों द्वारा असंतोष व्यक्त करते हुए प्रवेश किए जाने के दौरान उन्होंने धैर्य, सूझबूझ और कुशल संवाद का परिचय देते हुए सभी को समझाकर शांतिपूर्ण तरीके से बाहर निकाला तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी।

इसके अतिरिक्त, निहंगों द्वारा उग्र होकर जत्थे के साथ विरोध स्वरूप पांवटा साहिब जाने के प्रयास को भी उन्होंने प्रभावी संवाद और सूझबूझ से रास्ते में ही शांतिपूर्ण तरीके से रोककर वापस भेजा। उनके प्रयासों से किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका जा सका और प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रही।

उत्तराखण्ड पुलिस के दोनों अधिकारियों को मिला यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का प्रतीक है।