हेलीकॉप्टर हादसे की होगी जांच, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: CM धामी

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने चमोली में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने घटना पर गंभीरता जताते हुए कहा कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ ही आगामी वर्ष की यात्रा की तैयारियां भी अभी से शुरू की जाएंगी, ताकि भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।