हल्द्वानी। त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिठाई, बताशे, मिश्री और खिलौने बनाने वाले प्रतिष्ठानों व गोदामों पर छापेमारी की। जिला अधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान अंबेडकर नगर स्थित प्रभात जैसवाल के गोदाम में बताशे, मिश्री और खिलौने का निर्माण बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में और बिना लाइसेंस के होता पाया गया। विभाग ने मौके पर ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत चालानी कार्रवाई की।
इसके अलावा ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में भी छापेमारी की गई, जहां पुरानी और बासी मिठाइयां मिलने के साथ गंदगी भी पाई गई। इस मामले में भी विभाग ने चालानी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले और बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए। इनमें से 97 नमूनों की मौके पर ही Food Safety Lab on Wheel के माध्यम से प्राथमिक जांच की गई। विभाग के अनुसार, प्राथमिक जांच में ये नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए।
त्योहारों के दौरान बाजार में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट, खराब गुणवत्ता और अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
