लावारिस शव की गुत्थी सुलझी! लूट की कोशिश में धक्का देकर की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने एक लावारिस शव की शिनाख्त के प्रयासों के दौरान मौत की गुत्थी सुलझाते हुए गैर इरादतन हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने एक अत्यधिक नशे में धुत व्यक्ति के साथ मारपीट कर उससे पैसे छीनने का प्रयास किया था। इस दौरान आरोपियों द्वारा धक्का दिए जाने से व्यक्ति सड़क पर गिर गया और उसे अंदरूनी चोटें आईं, जिनके कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि सेवला खुर्द क्षेत्र में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के कपड़ों की तलाशी के दौरान उसकी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। निर्धारित अवधि में पहचान नहीं हो पाने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मृतक की पहचान के प्रयासों के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का देता नजर आया। व्यक्ति के गिरने के बाद दोनों आरोपी मौके से चले गए और कुछ देर बाद वापस आकर उसे हिलाकर देखने लगे। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज से घटना में मारपीट और धक्का दिए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने अपनी ओर से दोनों अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेलनगर में पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच से मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ काला (26 वर्ष), निवासी ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून और सफदर (36 वर्ष), निवासी जीवनगढ़, थाना विकासनगर, देहरादून, हाल निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमकर अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे। वे ऐसे व्यक्तियों का पीछा करते और सुनसान जगह देखकर उनसे पैसे व अन्य सामान छीनने का प्रयास करते थे।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 19 अक्टूबर 2026 की रात वे आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति अत्यधिक नशे की हालत में जाता दिखाई दिया। दोनों उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द क्षेत्र तक पहुंच गए, जहां सुनसान स्थान देखकर उसके साथ मारपीट की और पैसे छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटकर उन्होंने व्यक्ति को जांचा तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों घबराकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का इरादा व्यक्ति से पैसे लूटने का था, लेकिन मारपीट के दौरान दिए गए धक्के से वह सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिनके कारण उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक एवं आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल कैलाश पंवार, बृजमोहन, अरशद और एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।