अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिए’ बयान पर सुमित हृदयेश का तीखा हमला, बोले- उत्तराखंड के लोगों से मांगें माफी!

हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को कथित तौर पर उत्तर प्रदेश में ‘घुसपैठिए’ कहने के बयान पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव से स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

विधायक सुमित हृदयेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अखिलेश यादव को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने किस संदर्भ में यह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव अपने बयान को सही मानते हैं, तो वह इसकी घोर निंदा करते हैं और उन्हें उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं। दोनों राज्यों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव है। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों के लिए ‘घुसपैठिए’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना अपमानजनक है और इससे पहाड़ के लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने देश और विभिन्न राज्यों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक नेता को बयान देते समय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि अखिलेश यादव को अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

इस मुद्दे को लेकर हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। बयान को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी सामने आने के बीच अब सबकी नजर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर है।

विधायक सुमित हृदयेश