दवा वितरण में अव्यवस्था को लेकर मरीजों में टकराव, लोहे के पाइप से लाइन बनाने की उठी मांग

Spread the love

  • डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर मुफ्त दवा वितरण के दौरान लगती है भगदड़, व्यवस्था सुधारने की जरूरत

हल्द्वानी: राज्य सरकार द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में मरीजों को न केवल देखा जाता है, बल्कि कई प्रकार की दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की जाती हैं। अस्पताल के राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मेडिकल स्टोर पर मुफ्त दवाइयों का वितरण किया जाता है, जिससे सैकड़ों मरीजों और उनके अभिभावकों को राहत मिलती है।

हालांकि, इस सुविधा के दौरान कई बार अप्रिय स्थितियां भी देखने को मिलती हैं। दवा वितरण के समय मरीजों और उनके अभिभावकों के बीच आपस में विवाद और लड़ाई की घटनाएं सामने आती हैं। इसका मुख्य कारण है कि मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के लिए कोई निर्धारित लाइन या कतार नहीं होती, जिससे भगदड़ मच जाती है और लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगते हैं।

स्थानीय लोगों और अस्पताल आने वाले मरीजों का कहना है कि यदि मेडिकल स्टोर के बाहर लोहे के पाइप से एक निर्धारित लाइन (कतार) बना दी जाए, तो व्यवस्था को सुचारू किया जा सकता है। इससे न केवल मरीजों और उनके अभिभावकों को सुविधा होगी, बल्कि मेडिकल स्टोर के स्टाफ को भी दवा वितरित करने में आसानी होगी और किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।

मरीजों का कहना है कि सरकार की मंशा सही है, लेकिन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अस्पताल प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है। यदि लोहे के पाइप से लाइन बनाई जाती है, तो इससे अनुशासन बना रहेगा और मुफ्त दवा वितरण का लाभ सभी मरीजों को सही ढंग से मिल सकेगा।

अस्पताल प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस ओर ध्यान दे और जल्द से जल्द मेडिकल स्टोर पर लाइन व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *