हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन मुख्य आरोपियों समेत चोरी के वाहन खरीदने और उनके पार्ट्स काटकर बेचने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते दिनों बनभूलपुरा क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। 11 अक्टूबर 2026 को इंद्रानगर काटा, बनभूलपुरा निवासी नाजिम ने घर के बाहर खड़ी अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP25Q4376) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 को रामपुर निवासी निजाम ने उत्तर उजाला क्षेत्र से अपनी मोटरसाइकिल (UP22AJ5716) चोरी होने की तहरीर दी थी। दोनों मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल और बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 5 नवंबर 2026 को गौला बाईपास रोड से तीन संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और जांच के दौरान चोरी की बाइक खरीदने वाले मैकेनिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक (20) निवासी आरटीओ रोड, पाल कॉलेज, मुखानी, योगेश कुमार आर्या (21) निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, मुखानी, दीपक शर्मा (21) निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड और विजय श्रीवास्तव (22) निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। विजय श्रीवास्तव पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक बताया गया है।
पुलिस ने करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य स्प्लेंडर बाइक शामिल हैं। वहीं, विजय श्रीवास्तव के कब्जे से तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनमें स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर शामिल हैं। बरामद छह मोटरसाइकिलें बनभूलपुरा, मुखानी, काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और बाद में उन्हें विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे। विजय श्रीवास्तव चोरी की बाइकों को उत्तर प्रदेश से लोगों को बुलाकर पूरी बाइक के रूप में बेचता था या फिर उनके पार्ट्स अलग-अलग काटकर बेच देता था। इस तरह मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी मुकदमा संख्या 122/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल आनंद पुरी, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, रविन्द्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश और सुनील कुमार शामिल रहे। गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल
