नैनीताल: नैनीताल जनपद में दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने जनपद के 13 प्रमुख क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। दीपावली का प्रमुख पर्व 6 से 11 नवंबर 2026 के मध्य मनाया जाएगा। इस दौरान आतिशबाजी की बिक्री, भंडारण और परिवहन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार नैनीताल, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी नगर, हल्द्वानी ग्रामीण, श्री कैंचीधाम, धारी, लालकुआं, कालाढूंगी, रामनगर, काठगोदाम, बैतालघाट और खनस्यूं में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दीपावली से तीन दिन पूर्व से ही नियमित भ्रमण करने और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि त्योहार के दौरान विवाद की आशंका वाले स्थानों को पहले से चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही पुलिस अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसके साथ ही आतिशबाजी और विस्फोटक पदार्थों के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े नियमों और प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आतिशबाजी का दुरुपयोग न हो और किसी भी असामाजिक तत्व को त्योहार के दौरान अशांति फैलाने का मौका न मिले।
अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी फायर ब्रिगेड वाहनों और अग्निशमन उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील रखने के साथ ही हाइड्रेंट्स की जांच कर उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि आगजनी की किसी भी घटना में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी समुदायों के सम्मानित नागरिकों, समितियों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ दीपावली से पूर्व बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि विवाद की आशंका वाले मामलों का समय रहते समाधान किया जाए और गंभीर घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
तैनात सभी मजिस्ट्रेटों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, नियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने और बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देनी होगी। इसके अतिरिक्त अन्य तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी अपनी-अपनी तहसीलों में मौजूद रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नैनीताल जनपद में दीपावली का पर्व शांति, प्रेम और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो सके।
