चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच हुए हेलीकॉप्टर हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों में पांच यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे, जबकि हेलीकॉप्टर का पायलट दिल्ली निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद बचाव दल ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर सभी छह शवों को बरामद किया।
फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती सभी शवों को दुर्गम घटनास्थल से सुरक्षित सड़क मार्ग तक पहुंचाने की है। इसके लिए पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
इस हादसे से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। वहीं, दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं को लेकर संबंधित एजेंसियों की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।

