बद्रीनाथ-जोशीमठ के बीच बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड। चमोली जिले में बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच शुक्रवार को एक बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा होने की सूचना सामने आई है। एक निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे की पुष्टि सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की है।

जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचने का प्रयास कर रही है। टीम दुर्गम पहाड़ी इलाके में चढ़ाई कर संभावित घटनास्थल तक पहुंचने में जुटी है।

डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के अनुसार, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली है। इसकी पुष्टि और घटनास्थल की जानकारी जुटाने के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए हैं।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के कई इलाकों में इन दिनों मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। ऐसे में खराब मौसम को भी हादसे से जुड़ी संभावित परिस्थितियों के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटे हैं।