हल्द्वानी: हल्द्वानी नगर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, सड़क पुनर्निर्माण और वर्षा जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने एडीबी सहायतित उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) परियोजना सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक 216 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 94 किलोमीटर कार्य अभी शेष है, जिसमें 64 किलोमीटर बिटुमिनस और 30 किलोमीटर सीसी रोड शामिल हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सीवर कार्य से प्रभावित 10 किलोमीटर सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और शेष सभी निर्माण कार्य 20 जून से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं।
कुसुमखेड़ा, कटघरिया और ऊँचापुल चौराहे पर चल रहे कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा तीनपानी से मंडी तक निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिए गए। शनि बाजार नाले के डायवर्जन के लिए रेलवे से एनओसी प्राप्त करने हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त कर जल्द प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग को नरिमन से गौला पुल के बीच कार्य जून के पहले पखवाड़े तक पूरा करने के निर्देश दिए गए, वहीं विद्युत विभाग को नई लाइन 1 जून से चालू कर पुराने पोल हटाने और तीनपानी से मंडी तक 33 केवी लाइन को भूमिगत करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए गए।
पेयजल निर्माण निगम को राजपुरा और सुभाष नगर में पाइपलाइन और सड़क कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए, जबकि सिंचाई विभाग को ऊँचापुल क्षेत्र में नहर डायवर्जन और चौराहा निर्माण कार्य शुरू करने को कहा गया।
देवखड़ी नाले की डिसिल्टिंग का कार्य 30 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी देते हुए अधिकारियों को अतिरिक्त संसाधन लगाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जीएसटी कार्यालय के पास नाले के मुहाने को चौड़ा करने और साइफन निर्माण की संभावना पर भी कार्यवाही करने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि मानसून के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
