हल्द्वानी में एशियन कैडेट कप 2025 का आगाज़, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

Spread the love

हल्द्वानी। उत्तराखंड की खेल नगरी हल्द्वानी ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम स्थित मानसखंड हॉल में एशियन कैडेट कप इंडिया–2025 फेंसिंग टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के 17 देशों से आए युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात है और इससे उत्तराखंड की खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाने के साथ यह आयोजन प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करेगा।

फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हो रहे इस टूर्नामेंट का यह पहला अवसर है जब उत्तराखंड किसी अंतरराष्ट्रीय फेंसिंग स्पर्धा की मेज़बानी कर रहा है। टूर्नामेंट डायरेक्टर सागर लागू ने बताया कि भारत में पहली बार एशिया स्तर की फेंसिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की गई हैं। खेल विभाग और स्थानीय प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग किया है।

चार दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन से भारत और विशेषकर उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त होगा।

प्रतिभागी देशों में भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड, चीन, ईरान, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और नेपाल सहित अन्य एशियाई देश शामिल हैं। इस आयोजन से न केवल हल्द्वानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाना जाएगा, बल्कि राज्य सरकार की “खेलो उत्तराखंड” नीति को भी मजबूती मिलेगी। हाल ही में आयोजित नेशनल गेम्स के बाद यह दूसरा बड़ा आयोजन है, जो प्रदेश के खेल ढांचे को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

एशियन कैडेट कप फेंसिंग टूर्नामेंट 2025 उत्तराखंड की खेल यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ता है और भविष्य में और भी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की राह खोलता है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *