पारिवारिक विवाद बना खूनी वारदात, बेटे ने चाकू से हमला कर पिता की ली जान

  • गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए पिता ने उपचार के दौरान तोड़ा दम; आरोपी बेटा हिरासत में

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को थाना राजपुर को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सहस्त्रधारा रोड स्थित चलांग-कुल्हान क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने पिता को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि 35 वर्षीय नितिन राणा का किसी बात को लेकर अपने पिता मदन राणा के साथ पारिवारिक विवाद हो गया था। इसी दौरान आरोपी ने अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी नितिन राणा को मौके से हिरासत में ले लिया है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।