पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल! दो पिस्टल और कारतूस बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक चालक चेकिंग पॉइंट पर रुकने के बजाय बुडपुर की ओर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। वहीं, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश वारदात करने के इरादे से ही क्षेत्र में पहुंचे थे। उनकी पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों कई बार हरिद्वार जेल भी जा चुके हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।