हल्द्वानी: हल्द्वानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नैनीताल पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शानू उर्फ राजा (21 वर्ष) पुत्र स्व. याकूब, निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में 3 नवंबर 2026 को पुलिस टीम गोलापार्किंग के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले शानू उर्फ राजा की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
बरामद इंजेक्शनों में 25 Buprenorphine Injection IP (2ml) और 25 Avil (Pheniramine Maleate) Injection IP (10ml) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 189/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक ज्योति कोरंगा, कांस्टेबल मो. यासीन और कांस्टेबल लक्ष्मण शामिल रहे।
