त्योहारों से पहले बिंदुखत्ता की छह दुग्ध समितियों में 42.46 लाख रुपये का बोनस वितरित, पशुपालकों के चेहरे खिले

लालकुआं। आगामी त्योहारों से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी गई। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों में कुल 42 लाख 46 हजार रुपये का बोनस वितरित किया गया। लगभग 66 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद के सापेक्ष बोनस की धनराशि मिलने से पशुपालकों में खुशी की लहर देखने को मिली।

बोनस वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। पशुपालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और उनकी मेहनत से ही संघ की गतिविधियां निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादकों का विश्वास और सहयोग संघ की सबसे बड़ी ताकत है। संघ का प्रयास है कि दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके आर्थिक हितों को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि बोनस वितरण पशुपालकों की मेहनत का सम्मान है। इससे दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलेगा और वे भविष्य में भी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। संघ सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और उत्पादकों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान बिंदुखत्ता क्षेत्र की रावत नगर प्रथम, रावत नगर द्वितीय, रावत नगर तृतीय, खुरियाखत्ता तृतीय, चित्रकूट एवं तिवारी नगर प्रथम ग्रामीण दुग्ध समितियों में बोनस वितरित किया गया। इस दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

संघ की ओर से तैयार समिति प्रगति विवरण में वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 तथा 1 अप्रैल 2026 से 30 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों को दुग्ध समितियों की प्रगति एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सहायक प्रबंधक (स्टोर) मोहन चंद जोशी, एफओ शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, पूरन मिश्रा, गोपाल दत्त एवं मोनू कुमार सहित विभिन्न दुग्ध समितियों की प्रबंध कमेटियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।