खोए मोबाइल लौटाकर नैनीताल पुलिस ने जीते 250 लोगों के दिल, 55 लाख के फोन बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने मोबाइल फोन रिकवरी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न ब्रांडों के 250 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 55 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से 250 लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जनपद स्तर पर गठित मोबाइल एप सेल को गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के लिए विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हर्बन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकान्त सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी मोबाइल एप (साइबर सेल) उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया।

पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों के आधार पर जुलाई 2026 से 04 नवंबर 2026 तक CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन के IMEI नंबरों को ट्रेस किया। कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता से उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से 250 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बरामद मोबाइल फोन में 07 आईफोन, 40 सैमसंग, 58 ओप्पो, 13 वनप्लस, 19 रियलमी, 45 वीवो, 07 मोटोरोला, 01 नोकिया, 07 इनफिनिक्स, 23 रेडमी, 17 पोको, 08 IQ, 02 टेक्नो और 03 आईटेल मोबाइल शामिल हैं। बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए।

अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर सभी शिकायतकर्ता खुशी से झूम उठे और उन्होंने एसएसपी नैनीताल सहित पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इस अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति शामिल रहे। नैनीताल पुलिस की इस उपलब्धि को तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और पुलिस टीम की कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।