हल्द्वानी। शहर के ऊंचापुल के पास रविवार को एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और आसपास की दुकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सीएफओ नैनीताल गौरव किरार ने बताया कि रविवार 1 नवंबर को 112 के माध्यम से ऊंचापुल के पास स्थित कार सर्विस सेंटर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर एफएसओ मिंदर पाल के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों की टीम और मुखानी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
आग ‘कार जोन’ नामक सर्विस सेंटर की दुकान में लगी थी। दुकान मालिक विजय कुमार पुत्र मोहन राम, निवासी भगवानपुर ने प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के स्टोर रूम में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
