
नैनीताल: दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके की गंभीर घटना को देखते हुए नैनीताल जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जा रहा है।
एसएसपी के आदेशानुसार जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न मुख्य बॉर्डर बैरियर, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, होटल, बाजार क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और सामान की गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों द्वारा संवेदनशील धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की भी विशेष जांच की जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना पुलिस को दें।
जिले में नैनीताल पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है।
