हल्द्वानी। शहर में मंगलवार का दिन आग की भीषण घटनाओं के नाम रहा। शाम को हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में लगी आग की सुगबुगाहट थमी भी नहीं थी कि देर रात मुख्य बाजार मीरा मार्ग पर स्थित एक जूते की दुकान में भीषण आग ने कहर बरपा दिया। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का सामान राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 9:45 बजे मीरा मार्ग स्थित ‘माशा शूज’ नामक दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा पूरा स्टॉक जलकर खाक हो गया। आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है।
इस पूरे मामले पर एसडीएम हल्द्वानी मोनिका ने प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि मंगलवार को शहर में दो बड़ी अग्निकांड की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के दौरान सबसे बड़ी कमी फायर हाइड्रेंट के काम न करने के रूप में उजागर हुई है। उन्होंने कहा, “यदि मुख्य मार्गों पर लगे हाइड्रेंट सही तरीके से कार्य कर रहे होते, तो आग पर और तेजी से काबू पाया जा सकता था।”
एसडीएम ने बताया कि फिलहाल दोनों घटनाओं में समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। प्रशासन अब शहर के सभी फायर हाइड्रेंट की विस्तृत जांच कराएगा और इनके रखरखाव की जिम्मेदारी तय करेगा। इसके अलावा, जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी बड़े संस्थानों एवं व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया जाएगा। मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जानकारों का कहना है कि फायर हाइड्रेंट के रखरखाव और उनके क्रियाशील न होने की स्थिति में जल संस्थान की भी जिम्मेदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी घटनाओं ने शहर की अग्निशमन तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों और संस्थानों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता बरतें और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
