हल्द्वानी में 26 सितंबर को Red Alert, 27 को Orange Alert; डीएम ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश

Spread the love

हल्द्वानी। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए Red Alert जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं चलने और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना के चलते Orange Alert जारी किया गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मौसम की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों को पूरी तत्परता और सुरक्षा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि नदी-नालों और गधेरों के नजदीक न जाएं तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करें।

डीएम ने बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को इन क्षेत्रों में लोगों को नदी, नालों और गधेरों की ओर न जाने के लिए लगातार आगाह करने को कहा गया है।

भारी बारिश के मद्देनजर पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग पर जाने वाले लोगों को बरसात की अवधि में ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही असामान्य मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर भी रोक रखने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने आपदा की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्रवाई करने तथा तहसील आपदा कंट्रोल रूम और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र के बीच क्षति संबंधी सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन-IRS प्रणाली के तहत नामित सभी जनपद और तहसील स्तरीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

NH, PWD, PMGSY, ADB समेत किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। सभी चौकियों और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलेस सेट के साथ हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहेगा।

अधिकारियों को अपने वाहनों में बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण और सामग्री रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों के फंसे होने की स्थिति में खाद्य सामग्री और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों के अवरोधों को हटाने तथा भूस्खलन संवेदनशील मार्गों पर पहले से ही आवश्यक मशीनरी और उपकरणों की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आपदा संबंधी किसी भी सूचना को तत्काल जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/DEOC के फोन नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, टोल फ्री 1077 और 8272080884 पर उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके अलावा राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष/SEOC के फोन नंबर 0135-2710335, 0135-2710334 तथा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी सूचना दी जा सकती है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *