पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग मामले में वांछित दो आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग के एक मामले में वांछित दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों आरोपियों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से श्यामपुर की ओर फरार होने का प्रयास किया।

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर पकड़े गए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था और घटना के बाद से फरार थे।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों की स्थिति तथा पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *