हल्द्वानी में अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

हल्द्वानी। शहर में सड़क चौड़ीकरण की राह में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनपानी से नरीमन चौराहे और काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत गुरुवार को प्रशासन और यूयूएसडीए की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान करीब 25 से 30 स्ट्रक्चर से अतिक्रमण हटाए जाने की जानकारी सामने आई है।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां रोजाना भारी यातायात का दबाव रहता है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस मार्ग के चौड़ीकरण की परियोजना पर काम किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को करीब आठ से नौ महीने पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए गए।

प्रशासन ने बरसात के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित होने और दशहरे के त्योहार को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त समय भी दिया था। इसके बावजूद निर्धारित समयसीमा तक अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर संयुक्त टीम को कार्रवाई करनी पड़ी।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के शेष हिस्से में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क चौड़ीकरण के काम में तेजी लाना और शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल नैनीताल-बरेली रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। परियोजना पूरी होने के बाद सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत देओल सहित प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही।

ए.पी. वाजपेयी
सिटी मजिस्ट्रेट