पुलिस में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, दो दरोगाओं पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर एसएसपी नवनीत सिंह ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त रुख अपनाया है। विभागीय जांच में भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि होने के बाद दो उपनिरीक्षकों के विरुद्ध कोतवाली गंगनहर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 421/2026 दर्ज हुआ है।

जानकारी के अनुसार, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर मामले की जांच एसपी देहात के नेतृत्व में कराई गई थी। जांच के दौरान दोनों उपनिरीक्षकों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई को हरिद्वार पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विभाग में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस ने दोहराया है कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस विभाग में पारदर्शिता, ईमानदारी तथा जवाबदेही बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।