हल्द्वानी। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आम जनता की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने की मुहिम में उत्तराखंड एक्सप्रेस न्यूज़ की एक और खबर का सकारात्मक असर देखने को मिला है। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी के फार्मेसी स्टोर पर दवाइयां लेने के लिए आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोहे की लाइन लगाने की व्यवस्था की गई है।
दरअसल, अस्पताल के फार्मेसी स्टोर पर दवाइयां लेने के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। पहले यहां मरीजों को कतार में खड़े होने के लिए लोहे की लाइन की उचित व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते दवाइयां लेने के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बनती थी और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को उत्तराखंड एक्सप्रेस न्यूज़ ने गंभीरता से उठाते हुए 22 सितंबर 2026 को “दवा वितरण में अव्यवस्था को लेकर मरीजों में झड़प, लोहे की पाइप लाइन बनाने की मांग” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने समस्या का संज्ञान लिया और फार्मेसी स्टोर पर लोहे की लाइन बनवा दी। इस व्यवस्था से दवाइयां लेने आने वाले मरीजों को कतार में खड़े होने में सहूलियत मिलेगी और वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
फार्मेसी स्टोर पर काम करने वाले फार्मासिस्टों ने इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और समस्या को सामने लाने के लिए उत्तराखंड एक्सप्रेस न्यूज़ का आभार व्यक्त किया।
- उत्तराखंड एक्सप्रेस न्यूज़ का उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना ही नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में आवाज उठाना भी है। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा, ताकि जनता की समस्याएं संबंधित विभागों तक पहुंचें और उनका समाधान हो सके।
पढ़िए, देखिए और जुड़े रहिए — उत्तराखंड एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ।
