
हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने राजनैतिक दलों की समस्याओं और सवालों का निस्तारण किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि राजनैतिक दलों के साथ प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक बैठक आयोजित की जा रही है। सोमवार को आयोजित बैठक में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ERO भी मौजूद रहे। बैठक में प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों और समस्याओं का समाधान किया गया।
बारिश से प्रभावित मतदाताओं को अतिरिक्त अवसर
बैठक में बारिश के कारण प्रभावित हुए हियरिंग कार्य का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं की 6, 7 या 8 सितंबर को हियरिंग निर्धारित थी और वे किसी कारण से उपस्थित नहीं हो पाए, उन्हें अतिरिक्त अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन लोग आज हियरिंग में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे अपने संबंधित बूथ पर निर्धारित अवसर में उपस्थित हो सकते हैं। 9 सितंबर तक हियरिंग पूरी होने के बाद भी अनुपस्थित रह गए मतदाताओं के लिए 10 और 11 सितंबर को अतिरिक्त अवसर उपलब्ध रहेगा।
हियरिंग की तिथि बढ़ाने की जरूरत नहीं
विवेक राय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्तर से हियरिंग की निर्धारित तिथि बढ़ाने का प्रावधान नहीं है और फिलहाल इसकी आवश्यकता भी नहीं है। उन्होंने कहा कि 7, 8 और 9 सितंबर को हियरिंग निर्धारित है और प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।
उन्होंने अपील की कि जिन मतदाताओं को SIR के तहत नोटिस प्राप्त हुआ है, वे अपनी समस्या संबंधित ARO के समक्ष रख सकते हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मतदाता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
2.35 लाख नोटिस पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। इनमें से जारी किए गए करीब 2,35,000 नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
प्रशासन के अनुसार SIR-2026 के तहत प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
राजनैतिक दलों की ओर से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती (कांग्रेस), दिनेश खुलवे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल (भाजपा), हरिश चंद सिनोली (बसपा) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
