कानों से कुंडल झपटने वाला गिरोह बेनकाब! महिला और युवक गिरफ्तार, लूट का माल बरामद

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल छीनने की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैंप पुलिस ने छिनौती की वारदात में शामिल एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए सोने के कुंडल भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को मुनेन्द्र सिंह निवासी बालाजी पुरम कॉलोनी, फुलसुंगा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी माता घर से काम के लिए बालाजी पुरम गई थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक महिला और पुरुष ने उनके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए और फरार हो गए। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल का नंबर UK 06 BM 3933 बताया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 375/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया।

इसी दिन उर्मिला राय निवासी वार्ड नंबर-2, ट्रांजिट कैंप ने भी शिकायत दर्ज कराई कि दुर्गा मंदिर में पूजा कर लौटते समय मोटरसाइकिल सवार महिला और पुरुष ने उनके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए और फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 376/2026 धारा 304(2) बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की।

दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। 20 नवंबर को पुलिस टीम आनंदपुर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छिनौती की घटनाओं में शामिल संदिग्ध परमल टाउन, आनंदपुर रोड के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला और पुरुष पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए युवक की पहचान राहुल पुत्र राजेंद्र रस्तोगी, निवासी गोल मड़ैया गली नंबर-3, ट्रांजिट कैंप, उम्र 29 वर्ष, जबकि महिला की पहचान रवीना पुत्री मुखिया, निवासी बिसातगंज सिसौना, थाना एवं जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान राहुल के पास से एक पीली धातु का कुंडल और रवीना के पास से एक अन्य कुंडल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने महिलाओं के कानों से कुंडल छीनने की बात स्वीकार की। पुलिस ने पीड़ितों को मौके पर बुलाया, जिन्होंने बरामद कुंडलों की पहचान अपने-अपने कुंडल के रूप में की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 304(2), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, कांस्टेबल हिमांशु, महिला कांस्टेबल शांति बिष्ट और महिला कांस्टेबल लीला आर्या शामिल रहे।