
हल्द्वानी। हल्द्वानी के PSP अस्पताल में चिकित्सकों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), हल्द्वानी ने कड़ी नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और अस्वीकार्य बताया है। IMA का कहना है कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ इस तरह की हिंसक घटनाएं न केवल उनके सम्मान और सुरक्षा को प्रभावित करती हैं, बल्कि पूरी स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती हैं।
IMA हल्द्वानी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि चिकित्सकों के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के प्रति उसकी नीति जीरो टॉलरेंस की है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने बेहद जरूरी हैं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए IMA हल्द्वानी ने 17 नवंबर को शाम 4:30 बजे IMA भवन, हल्द्वानी में आपातकालीन आम सभा (GBM) बुलाई। बैठक में PSP अस्पताल की घटना पर विस्तार से चर्चा की गई और भविष्य की आवश्यक कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद एसोसिएशन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की गई, जिसमें पदाधिकारी ने अपना पक्ष रखा।
IMA की इस आपात बैठक को PSP अस्पताल में हुई घटना के बाद चिकित्सक समुदाय की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

