काशीपुर कृषि मंडी में भीषण आग, दुकानदार को लाखों का नुकसान

काशीपुर। काशीपुर कृषि मंडी में बीती रात एक दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस घटना में लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

प्रोपराइटर मोहम्मद असलम ने बताया कि उनकी वली ट्रेडर्स कंपनी की सी-66 नंबर की दुकान में विगत रात्रि अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण दुकान में रखा नकदी, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दुकानदार मोहम्मद असलम के अनुसार, इस हादसे में उन्हें लगभग 6 लाख रुपये नकद व फर्नीचर का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है ताकि आग लगने की सही वजह सामने आ सके।