10 साल बाद बढ़ा निगम की दुकानों का किराया, व्यापारियों की सहमति के बाद लिया गया फैसला

Spread the love

हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर निगम ने करीब 10 साल बाद अपनी दुकानों के किराए में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। मेयर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों के साथ चर्चा और उनकी सहमति के बाद किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया। नगर निगम का कहना है कि किराए में बढ़ोतरी से निगम की आय में इजाफा होगा, जिससे शहर में विकास कार्यों को नई गति मिल सकेगी।

हल्द्वानी नगर निगम के अधीन संचालित करीब 1240 दुकानों का किराया अब 50 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि किराया संशोधन का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित था। इसको लेकर व्यापारियों के साथ कई दौर की वार्ता की गई, जिसके बाद सर्वसम्मति से किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया।

नगर निगम के अनुमान के मुताबिक, किराया बढ़ने के बाद दुकानों से होने वाला वार्षिक राजस्व बढ़कर करीब ढाई करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। इससे निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली समेत अन्य विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि किराया बढ़ाने का फैसला किसी पर थोपा नहीं गया है, बल्कि व्यापारियों के साथ तालमेल और सहमति के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। नगर निगम का दावा है कि किराए में बढ़ोतरी से निगम की आय में वृद्धि होगी और इस अतिरिक्त आय का इस्तेमाल शहर के विकास कार्यों को गति देने में किया जाएगा।

परितोष वर्मा
नगर आयुक्त

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *