
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कराए गए कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक और अपमानजनक कृत्य बताते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की और शुद्धिकरण की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राजनीतिक कार्यक्रम के बाद धार्मिक भावनाओं को आधार बनाकर सार्वजनिक स्थल का शुद्धिकरण कराया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर इस तरह की कार्रवाई कर माहौल को अनावश्यक रूप से विवादित बनाया जा रहा है।
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने भाजपा सरकार पर राजनीतिक दुर्भावना से काम करने और सामाजिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन धार्मिक भावनाओं को राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि इस तरह की राजनीति को पार्टी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी
