गुमशुदगी का सनसनीखेज खुलासा, पुरानी रंजिश में युवक की हत्या; शव मोटरसाइकिल समेत गंगा में डुबोया

Spread the love

लक्सर/हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में गुमशुदगी के एक मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और कारोबार से जुड़े विवाद के चलते अंकित चौहान की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने गोताखोरों की मदद से गंगा से शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, 2-3 अगस्त 2026 की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक वह लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मैनुअल पुलिसिंग के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की गांव के ही रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि अंकित कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खनन के संबंध में उनकी मुखबिरी करता था, जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 2 अगस्त की रात जब अंकित घर लौट रहा था, तब रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोककर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम उन्हें गंगा नदी के उस स्थान तक ले गई, जहां शव और मोटरसाइकिल डुबोए जाने की बात बताई गई थी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को गोताखोरों के साथ मौके पर बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद गंगा नदी से मृतक का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238 और 61(2) जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से जुड़े हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र पवन, मेहकार पुत्र पवन, कुलवंत पुत्र कल्लू और अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, सभी निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश तथा हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और रविंद्र शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *