
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के नैनीताल भ्रमण के दौरान स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई। आयुक्त ने वाहन संख्या UK-01-TA-6767, जो 13 सीटर मैक्स कैब है, में क्षमता से कहीं अधिक 25 स्कूली बच्चों को बैठा हुआ पाया। परिवहन नियमों के विपरीत बच्चों को इस तरह ओवरलोड कर ले जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए इसे स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़ बताया।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि 13 सीटर वाहन में 25 बच्चों को बैठाना गंभीर लापरवाही है और यह सीधे तौर पर परिवहन नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने इस मामले को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की प्रवर्तन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। आयुक्त ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि जनपद में वाहनों की नियमित और प्रभावी चेकिंग नहीं हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि ओवरलोडिंग अथवा स्कूली वाहनों की लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना होती है तो इसके लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के उच्च अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
आयुक्त ने संभागीय परिवहन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिए कि स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को ले जाने वाले सभी वाहनों की नियमित और सघन चेकिंग की जाए। विशेष रूप से ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त ने अधिकारियों को कार्रवाई की रिपोर्ट से उन्हें अवगत कराने को भी कहा है। इस घटना के बाद स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है।
