हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त का बड़ा एक्शन! 5 टीमों ने किया औचक निरीक्षण, गैरहाजिर कर्मचारी रडार पर

हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने गुरुवार सुबह व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में नगर निगम की पांच अलग-अलग टीमों ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण किया, जबकि नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, निर्धारित कार्यस्थलों पर तैनाती और सफाई व्यवस्था की स्थिति को परखा गया।

कई स्थानों पर सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अनुपस्थित मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी सफाई कर्मचारी एवं सफाई नायक निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर पहुंचें और पूरी कार्यावधि में अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।

हल्द्वानी में सफाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त का बड़ा एक्शन! 5 टीमों ने किया औचक निरीक्षण, गैरहाजिर कर्मचारी रडार पर

नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम का चेहरा होती है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर न केवल नगर निगम की कार्यप्रणाली को दर्शाता है, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर और शहर की छवि से भी सीधे जुड़ा होता है। ऐसे में सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अनुपस्थित कर्मचारियों और कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।