नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखो की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

  • लालकुआं में पुलिस-SOG की संयुक्त चेकिंग में 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद, कार भी जब्त

नैनीताल। मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान करीब 65.40 लाख रुपये कीमत की 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा, निवासी इन्द्रानगर, पुलिया के पास, सिरौली कला, थाना फुलपुर, जिला उधमसिंहनगर तथा मो. शफीक उर्फ शफी, निवासी मोहल्ला मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः 36 और 51 वर्ष बताई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाए थे। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है और आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई में कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। एसएसपी नैनीताल ने गिरफ्तारी टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।