हरिद्वार। जनपद में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के आगमन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के सर्किल में व्यापक फेरबदल किया है। नए पुनर्गठन के तहत जनपद में दो नए पुलिस सर्किल बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद अब कुल नौ सर्किलों में क्षेत्राधिकारियों की तैनाती की गई है।
एसएसपी द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार बहादराबाद सर्किल की जिम्मेदारी सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी देवव्रत जोशी को दी गई है। उनके सर्किल में कोतवाली बहादराबाद और कोतवाली कलियर शामिल हैं।
नगर सर्किल में क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी को तैनात किया गया है। उनके अधीन कोतवाली नगर और कोतवाली श्यामपुर रहेंगी। वहीं ज्वालापुर सर्किल की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी संजय चौहान को दी गई है, जिसमें कोतवाली ज्वालापुर और कोतवाली पथरी शामिल हैं।
सदर सर्किल की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र बलूनी को मिली है। उनके अधीन कोतवाली सिडकुल और पुलिस लाइन रहेंगी। रुड़की सर्किल में क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी को तैनात किया गया है, जिसके अंतर्गत कोतवाली रुड़की और कोतवाली गंगनहर आएंगी।
इसके अलावा मंगलौर सर्किल की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी को दी गई है। उनके अधीन कोतवाली मंगलौर और कोतवाली झबरेड़ा रहेंगी। लक्सर सर्किल में क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह नेगी को तैनात किया गया है, जिनके अधीन कोतवाली लक्सर और कोतवाली खानपुर रहेंगी।
भगवानपुर सर्किल की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी सुमित पाण्डे को दी गई है। उनके अधीन कोतवाली भगवानपुर और थाना बुग्गावाला रहेगा। वहीं रानीपुर सर्किल की कमान क्षेत्राधिकारी दक्ष शोखंद को सौंपी गई है, जिसमें कोतवाली रानीपुर और कोतवाली कनखल शामिल हैं।
इस फेरबदल के बाद जनपद में पुलिसिंग व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित किया गया है। माना जा रहा है कि सर्किलों की संख्या बढ़ने से संबंधित क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की निगरानी और कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
