
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले युवक के शव की गुत्थी दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मीना देवी और उसके प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मंडुवाला डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक पुरुष का शव खाई में पड़ा है। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतक की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी सहरसा बिहार, हाल निवासी मांडूवाला झाझरा, देहरादून, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई। शव पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 214/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, आने-जाने वाले मार्गों की पड़ताल की और आसपास रह रहे मजदूरों का सत्यापन करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 3 अक्टूबर को मांडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से आरोपी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस का दावा है कि लल्लन ने मदन मुखिया की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी लल्लन की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में लल्लन ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मंडुवाला में किराये पर रहकर मजदूरी करता है। पिछले करीब दो-तीन वर्षों से उसका मृतक की पत्नी मीना के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले मजदूरी के दौरान मदन मुखिया ने लल्लन का मोबाइल फोन देखा, जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन की तस्वीरें तथा वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी लोगों को देने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात से डरकर दोनों ने मिलकर मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस का आरोप है कि योजना के तहत मीना ने मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से लगे जंगल की ओर ले गई। वहां शराब पिलाने के बाद लल्लन भी पहुंचा और दोनों ने मिलकर मदन पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया गया और चाकू को झाड़ियों में छिपा दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लल्लन शर्मा पुत्र गणेश शर्मा, निवासी सहरसा बिहार, हाल निवासी मांडुवाला, देहरादून, उम्र 23 वर्ष और मीना देवी पत्नी मदन, निवासी सहरसा बिहार, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रेमनगर उप निरीक्षक गिरीश नेगी, वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी झाझरा उप निरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, उप निरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
