कुमाऊँ को मिली नई आईजी, निवेदिता कुकरेती ने संभाली कमान

Spread the love

हल्द्वानी/नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), कुमाऊँ परिक्षेत्र, नैनीताल का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, महिला एवं बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा संवाद को मजबूत बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि कुमाऊँ परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पुलिस बल के आधुनिकीकरण, स्मार्ट पुलिसिंग, अपराध विश्लेषण प्रणाली को मजबूत करने और पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं क्षमता विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

उन्होंने आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पार्किंग, शटल सेवा, डायवर्जन प्लान, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित जनपदों में व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध दर्शन और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

मीडिया को समाज में जनजागरूकता और शांति व्यवस्था बनाए रखने का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए आईजी ने सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुंचीं और आगामी मेले एवं पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन एवं मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *