अमेजन स्टोर अग्निकांड: मजिस्ट्रियल जांच शुरू, 10 दिन में मांगे गए साक्ष्य

Spread the love

हल्द्वानी। राजपुर रोड स्थित अमेजन स्टोर में 5 जून 2026 को हुए दर्दनाक अग्निकांड, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी, की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेयी को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच का उद्देश्य घटना के वास्तविक कारणों, परिस्थितियों और संभावित जिम्मेदारियों का निष्पक्ष एवं विस्तृत परीक्षण करना है।

नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि जांच को पारदर्शी और तथ्यपरक बनाने के लिए आमजन से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, साक्ष्य, दस्तावेज, वीडियो, फोटो या अन्य महत्वपूर्ण तथ्य रखने वाले व्यक्ति आगे आकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। प्रत्यक्षदर्शी, प्रभावित पक्ष या अन्य नागरिक अपने लिखित अथवा मौखिक बयान जांच अधिकारी के समक्ष दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय या न्यायालय में उपस्थित होकर अपने बयान और साक्ष्य उपलब्ध करा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित दस्तावेज और अभिलेख पंजीकृत डाक के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं। जांच के दौरान प्राप्त सभी तथ्यों और साक्ष्यों को विधिसम्मत रूप से शामिल कर मामले की गहन पड़ताल की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *