भीमताल। नैनीताल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गा सप्लाई की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का पर्दाफाश किया है। भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त टीम ने खुटानी बैंड के पास चेकिंग अभियान के दौरान 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जगदीश चन्द्र के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव तथा एएनटीएफ कुमाऊँ प्रभारी पवन स्वरूप के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने भीमताल बाजार स्थित सोना मटन चिकन शॉप के सामने खुटानी बैंड के पास लाल रंग की अल्टो कार और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली।
चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप से एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला, जबकि वाहन चालक अख्तर हुसैन को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। तलाशी में बोलेरो पिकअप से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने अख्तर हुसैन और अल्टो कार में सवार विजय सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर हुसैन (43), निवासी ब्लॉक रोड, मल्लीताल, भीमताल तथा विजय सिंह बिष्ट (34), निवासी ग्राम सूपी, थाना मुक्तेश्वर के रूप में हुई है। फरार आरोपी बच्चीराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली भीमताल में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी।
