किच्छा। उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री बनाने के अभियान के तहत STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 52.46 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 15.70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एएनटीएफ कुमाऊं टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुरमुख सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गुरु द्वारा वाली गली, लालपुर, किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। अभियुक्त की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बहेड़ी से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर लालपुर, किच्छा और रुद्रपुर क्षेत्र में ऊंची कीमत पर बेचता था। STF अब अभियुक्त के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
कार्रवाई के दौरान 52.46 ग्राम हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल संख्या UK06J5873 भी बरामद की गई है। इस संयुक्त अभियान में STF एंटी नार्कोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे, जबकि कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में SHO रवि सैनी, उपनिरीक्षक बसंत कुमार और हेड कांस्टेबल दीपक सिंह चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
