तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हल्द्वानी पहुँचे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

हल्द्वानी: देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे। उनके आगमन पर हल्द्वानी आर्मी हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उपराष्ट्रपति के स्वागत में राज्य सरकार की ओर से बतौर मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या उपस्थित रहीं। इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति उत्तराखंड के उपाध्यक्ष दीपक महरा, मुख्य सचिव के प्रतिनिधि के तौर पर कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, कर्नल जतिन ढिल्लन और स्टेशन कमांडर हल्द्वानी सहित कई अन्य अधिकारियों ने उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति का यह दौरा मुख्य रूप से नैनीताल के लिए है, जहां वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हल्द्वानी और नैनीताल में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।