हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल को मिली शिकायतों के बाद आरटीओ कार्यालय हल्द्वानी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एडीएम विवेक राय के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान कार्यालय में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद कई लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए, जबकि कई कर्मचारियों और संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जांच के दौरान एक बड़ा मामला सामने आया, जिसमें रामनगर में जारी किया गया लाइसेंस धारक हल्द्वानी में कार्य करता पाया गया। इस पर प्रशासन ने गंभीर आपत्ति जताते हुए संबंधित लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी के दौरान दस्तावेजों की गहन जांच की गई और कार्यालय में कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एडीएम विवेक राय ने कहा कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और परिवहन विभाग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण किए जाएंगे।
