हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: गोला नदी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत

Spread the love

हल्द्वानी। गोला नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिजनों के साथ नदी किनारे कपड़े धोने पहुंचे 15 वर्षीय किशोर की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान अहमद (15 वर्ष) पुत्र मोहम्मद रफीक, निवासी महोनिया डलआ, थाना छवियां, जनपद गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि अहमद हल्द्वानी में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। शुक्रवार को वह अपने भाइयों के साथ गोला नदी में कपड़े धोने गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतर गया और अचानक गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों, जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बारिश में नदी में न उतरने की अपील

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि बारिश के मौसम में नदियों का जलस्तर और नदी का तल लगातार बदलता रहता है। कई बार पानी ऊपर से कम गहरा दिखाई देता है, लेकिन नीचे अचानक गड्ढे और कटाव होने के कारण गंभीर हादसे हो सकते हैं।

उन्होंने आमजन से बारिश के दौरान नदियों में न उतरने की अपील की है। एसपी सिटी ने बताया कि प्रशासन की ओर से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को खतरे के प्रति जागरूक किया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

एसपी सिटी मनोज कत्याल

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *